
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
उन्नाव: नगर पालिका क्षेत्र के शिव नगर मोहल्ले की बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या ने बुधवार को एक और हादसे को जन्म दे दिया। कोहिनूर प्रिंटर्स वाली गली में आज एक सोलर पैनल से लदा लोडर वाहन गहरे गड्ढे और पानी में धंस गया और पलट गया। इस हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, परंतु यह दृश्य नगर पालिका की लापरवाही की पोल खोल गया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह गली पिछले 30 वर्षों से पक्की सड़क और जल निकासी की सुविधा से वंचित है। बरसात के हर मौसम में यह गली दलदल में बदल जाती है, लेकिन नगर पालिका और संबंधित अधिकारी हर बार आंख मूंदकर बैठे रहते हैं।
जनता की आवाज़ — अब लापरवाह अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो
निवासियों ने बताया कि 12 जुलाई 2025 को इसी गली की दुर्दशा पर समाचार प्रकाशित हुआ था, जिसमें नगर पालिका प्रशासन को समस्या से अवगत कराया गया था। बावजूद इसके, आज तक न तो कोई निरीक्षण हुआ और न ही कोई मरम्मत कार्य प्रारंभ हुआ।
लोगों का कहना है कि अगर पहले ध्यान दिया गया होता तो आज यह दुर्घटना न होती।

जिम्मेदार कौन?
- नगर पालिका अध्यक्ष – श्रीमती स्वेता मिश्रा (प्रतिनिधि भानू मिश्रा)
- अधिशासी अधिकारी – नगर पालिका परिषद उन्नाव
इन दोनों जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों की सीधी जिम्मेदारी बनती है कि वे क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कराएं। लेकिन वर्षों से शिकायतें मिलने के बावजूद भी नगर पालिका प्रशासन सिर्फ फाइलों तक सीमित है।
जनता की मांग
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि:
- नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।
- शिव नगर की सड़कों का तत्काल निरीक्षण कर पक्की सड़क व जल निकासी की योजना को प्राथमिकता दी जाए।
- लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को निलंबित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही कार्यवाही नहीं हुई, तो वे नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन करेंगे।




