- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने आज सिगरा स्थित फल मंडी रोड पर मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स योजना) के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों के क्रम में रोड की पटरियों के किनारे वृहद वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास को प्राथमिकता देते हुए अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आह्वान किया।इस दौरान स्थानीय पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। महापौर ने उपस्थित जनसमूह को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित वाराणसी के निर्माण में सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया।इसके पश्चात महापौर ने सिगरा स्थित शहीद उद्यान पार्क पहुंचकर वहां चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्क के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा, हरियाली एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। महापौर ने कहा कि नगर निगम वाराणसी शहर के सर्वांगीण विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु सतत प्रयासरत है।





