
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस (मुरसान): सावन की आस्था और श्रद्धा के बीच एक परिवार का चिराग बुझ गया। मुरसान थाना क्षेत्र के गोपी गांव के पास हाईवे पर दो डाक कांवड़ में शामिल बाइकें आपस में टकरा गईं, जिससे दोनों बाइक सवार कांवड़िए बुरी तरह घायल हो गए।
पुलिस द्वारा तत्काल जिला अस्पताल ले जाए जाने पर एक कांवड़िए की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
मृतक और घायल दोनों भरतपुर (राजस्थान) के निवासी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों कांवड़िए राजस्थान के भरतपुर जिले से ताल्लुक रखते थे। दोनों सोरों गंगा घाट से पवित्र जल लेकर अपने गृहनगर की ओर लौट रहे थे। लेकिन तेज़ रफ्तार और हाईवे पर आपसी टकराव ने कांवड़ यात्रा को मातम में बदल दिया।
मौके पर पहुंची 112 पुलिस, हाईवे पर जाम जैसे हालात
घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। हाईवे पर चल रही डाक कांवड़ की तेज रफ्तार और अचानक हुए हादसे ने राहगीरों और श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मचा दी। कई श्रद्धालु स्तब्ध रह गए और कुछ ने प्रशासन पर सवाल भी उठाए।
पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है।





