
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: दो महीने आठ दिन चलने वाला अय्यामे अज़ा का सिलसिला सोमवार को अपने आख़िरी मुक़ाम पर पहुंचेगा। इस दिन, 8 रबीउल अव्वल के मौके पर आयोजित होने वाले जुलूस में अयोध्या सहित पूरे उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में ज़ाएरीन (श्रद्धालु) हिस्सा लेंगे। इस जुलूस में बूढ़े, बच्चे, महिलाएं और जवान सभी बड़ी अकीदत के साथ शरीक होते हैं।
ज़ाएरीनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए शहर की तमाम अंजुमनें अपने-अपने स्तर पर चाय, पानी, नाश्ते और खाने का इंतज़ाम करती हैं। इसी सिलसिले में, अंजुमन नासिरिया कदीम (रजिस्टर्ड), अंगूरी बाग की ओर से पिछले 25 वर्षों से लगातार खिदमत का सिलसिला जारी है।
अंजुमन की ओर से खजूर वाली मस्जिद के सामने, गुदड़ी बाज़ार चौराहे पर हर साल की तरह इस बार भी ज़ाएरीनों के लिए चाय, नाश्ता और खाने का इंतज़ाम किया गया है।
मीडिया से बातचीत में अंजुमन नासिरिया के ओहदेदारों ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं अंतिम चरण में हैं और ज़ाएरीनों की सेवा के लिए पूरी तैयारी के साथ टीम मौजूद रहेगी।
शांति, अनुशासन और भाईचारे के साथ आयोजित होने वाले इस जुलूस को लेकर स्थानीय प्रशासन भी सतर्क है और आवश्यक सुरक्षा इंतज़ामों की समीक्षा कर रहा है।
अंतिम दिन का यह जुलूस अय्यामे अज़ा के समापन का प्रतीक होता है, जिसमें इमाम हुसैन और उनके जानिसारों की याद में अकीदतमंद अपनी मोहब्बत और ग़म का इज़हार करते हैं।





