
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल ने अनाधिकृत टिकट और फर्जी पहचान पत्र पर यात्रा करने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान तेज कर दिया है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के निर्देश में टिकट निरीक्षक और रेलवे सुरक्षा बल की टीमों को सतर्क रहने और संदेहास्पद यात्रियों की जांच करने के लिए लगाया गया 24 मार्च को छपरा आईसीपी में उप मुख्य टिकट निरीक्षक सुधाकर मिश्रा द्वारा गाड़ी संख्या 15707 कटिहार–अमृतसर आम्रपाली एक्सप्रेस में सघन टिकट जांच की गई। जांच में S1 कोच में बर्थ संख्या 34, 35, 37 और 38 पर यात्रा कर रहे दो यात्रियों की फर्जी आईडी का खुलासा हुआ। उनके आधार कार्ड एडिट किए गए पाए गए। शहाबुद्दीन और मोहम्मद आसिफ नामक यात्रियों को सीवान जंक्शन पर उतारकर रेलवे सुरक्षा बल को सुपुर्द किया गया।
रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि केवल वैध और मूल पहचान पत्र का उपयोग करें तथा अधिकृत टिकट पर ही यात्रा करें। नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। रेलवे लगातार इस तरह की अनियमितताओं पर निगरानी रखकर यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।




