
- रिपोर्ट: राजीव आनन्द
लखनऊ: लखनऊ में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां बैंगलोर से लखनऊ आए एक बिजनेसमैन मंजूनाथ का अपहरण कर 1 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की गई थी। यह घटना 22 मार्च को उस समय हुई, जब मंजूनाथ इंडिगो फ्लाइट से बैंगलोर से लखनऊ पहुंचे थे।
आरोपियों ने मंजूनाथ का अपहरण कर उसे बिना नंबर प्लेट की कार में डाल लिया और उसके परिवार से फिरौती की मांग की। हालांकि, सरोजनी नगर थाना पुलिस और दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम ने मिलकर एक संयुक्त अभियान चलाया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिस्तौल और चार कारतूस बरामद किए हैं, साथ ही बिना नंबर प्लेट की एक कार और आठ मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई बड़े खुलासे हुए हैं। उन्होंने बताया कि वे इंस्टाग्राम पर एक फर्जी पेज “साई याला ट्रेडस” के जरिए लोगों से संपर्क करते थे और उन्हें विश्वास में लेकर उनके साथ ठगी करते थे। इसके बाद, वे लोगों को यह झांसा देते थे कि उनके पास बड़ी मात्रा में नगदी है और अगर वे इसे अपने खाते में जमा करवा लें, तो उन्हें 10 प्रतिशत कमीशन मिलेगा।

जब लोग विश्वास कर लेते, तो आरोपियों द्वारा उन्हें असलहा दिखाकर अपहरण कर लिया जाता था और फिरौती की रकम उनकी जालसाजी के जरिए गैंग के अन्य लोगों के खातों में ट्रांसफर करवा दी जाती थी। फिरौती की रकम मिलने के बाद वे अपहृत व्यक्ति को छोड़ देते थे और फरार हो जाते थे।
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि इस अपराध में विवेक यादव नामक व्यक्ति भी शामिल था, जो मौके से फरार हो गया। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी हुई है।



