- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के हथियरकला स्थित साधु स्वीट हाउस में रविवार की देर रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर छत के रास्ते दुकान में घुसे और नकदी सहित कोल्डड्रिंक की पेटी, पनीर, मिठाई लेकर फरार हो गये। जानकारी के अनुसार, हथियरकला बाजार स्थित साधु स्वीट हाउस में रविवार देर रात अज्ञात चोर छत के रास्ते दुकान में घुस गए। चोरों ने पहले छत पर बने दरवाजे को तोड़ा और उसके बाद अंदर प्रवेश कर दुकान में रखी नकदी व सामान समेट लिया। दुकान मालिक के मुताबिक चोर लगभग 35 हजार रुपये नकद, करीब 15 किलो पनीर और 22 किलो बर्फी मिठाई तथा लगभग 13 हजार रुपये कीमत की कोल्ड ड्रिंक की पेटी चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह तब हुई जब दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार ने सामान बिखरा देखा और छत का दरवाजा टूटा पाया। इसके बाद तुरंत चोलापुर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। बताया जाता है कि यह मिठाई की दुकान कई वर्ष पुरानी है तथा यहां से छेना व खोये का भी व्यापार होता है। पूर्व में भी उक्त दुकान में चोरी हो चुकी है तथा चोर अब तक नहीं पकड़े जा सके लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर जल्द अंकुश लगाने की मांग की है। तहरीर पर पुलिस मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।




