
समाचार टूडे वाराणसी
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र में घर से लाखों रुपये के आभूषण चोरी के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला पीड़ित परिवार की ही रिश्तेदार निकली, जिसने अपनी बहन के कहने पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसके पास से करीब 4 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले के अनुसार, 26 मार्च 2026 को करौंदी निवासी अच्छेलाल पटेल के घर से चाभी चोरी कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए गए थे। इस संबंध में चितईपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान साक्ष्य और सुरागरसी के आधार पर एक संदिग्ध महिला की पहचान कुमारी सृजन उर्फ गुड्डन, निवासी मीरापुर बसही (थाना शिवपुर) के रूप में हुई। पुलिस ने 30 मार्च 2026 को उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी महिला ने खुलासा किया कि उसने चोरी किए गए कुछ आभूषण घर के पास झाड़ियों में छिपा दिए थे, जबकि बाकी जेवर IIFL Finance में गिरवी रखकर करीब 1.5 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया था। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित संस्था से झुमका, दो सोने की अंगूठियां और कान के कुंडल बरामद कर लिए। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार के अनुसार, बरामद आभूषणों में लगभग 500 ग्राम चांदी और 17 ग्राम से अधिक सोना शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये है। चितईपुर थाना पुलिस की टीम ने प्रभावी जांच और सटीक कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी का पूरा माल बरामद किया। बरामद जेवर को सील कर मालखाने में जमा करा दिया गया है। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




