
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में रेल सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस रामकृष्णन के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) लगातार रेल संपत्ति की सुरक्षा, यात्रियों की सुरक्षा और मानव तस्करी रोकने हेतु अभियान चला रहा है।
इसी क्रम में 09 अप्रैल 2026 को गाड़ी संख्या 18182 थावे-टाटानगर एक्सप्रेस के छपरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 04 पर एक चोरी की घटना सामने आई। महिला यात्री उर्मिला कुंवर जब ट्रेन में चढ़ रही थीं, तभी आरोपी सोनू कुमार माली उनका सोने का जेवर और अन्य सामान लेकर भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर RPF और राजकीय रेल पुलिस की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से चोरी किया गया सामान—जिसमें सोने की जीऊतिया माला, कान की बालियां सहित करीब 50,000 रुपये मूल्य का सामान शामिल था—बरामद कर लिया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक संजय कुमार राय, सहायक उपनिरीक्षक विजय रंजन मिश्र, हेड कांस्टेबल रामसूरत यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए GRP को सौंप दिया गया है। वहीं, अपना सामान वापस मिलने पर पीड़ित महिला ने रेलवे प्रशासन और सुरक्षा बल की सराहना की।





