
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: राजधानी लखनऊ स्थित पाँच कालिदास मार्ग पर मंगलवार को हाथरस की सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात सिर्फ औपचारिक नहीं रही, बल्कि हाथरस की तस्वीर बदलने वाले कई बड़े मुद्दों पर विधायक ने मुखरता से अपनी बातें रखीं।
विधायक ने मुख्यमंत्री के समक्ष हाथरस मेडिकल कॉलेज का काम जल्द से जल्द शुरू करवाने का आग्रह किया। उन्होंने साफ कहा कि जिले की जनता लंबे समय से मेडिकल कॉलेज की आस लगाए बैठी है।
इसी कड़ी में उन्होंने हाथरस में ट्रांसपोर्ट नगर बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों और आम जनता दोनों के लिए यह जीवन रेखा साबित होगा।
सासनी और मेंडू नगर पंचायत के सीमा विस्तार का मुद्दा भी विधायक ने मजबूती से उठाया, ताकि विकास कार्यों का दायरा और बड़ा हो सके। साथ ही, हाथरस पॉलिटेक्निक कॉलेज के मैदान में मिनी स्टेडियम बनाने की मांग रखकर खेल प्रतिभाओं के भविष्य की दिशा तय करने की पहल भी की।
वहीं, सासनी–विजयगढ़–अकराबाद रोड को दुरुस्त कराने का निवेदन कर उन्होंने आम जनमानस को राहत दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक की सभी बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि हाथरस में विकास कार्यों की गंगा जल्द ही बहने वाली है।
भेंट के बाद सदर विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा— “हाथरस के विकास को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का संकल्प आज और मज़बूत हुआ है।”





