
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
आगरा: आयुक्त सभागार में मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह जी की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड एवं मण्डलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सर्वप्रथम सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा की गयी। विगत माह की अपेक्षा इस माह में सिर्फ फिरोजाबाद की रैंकिंग में सुधार आया जबकि अन्य जिलों की रैकिंग में गिरावट देखने को मिली। ग्राम्य विकास के तहत डे एनआरएलएम में आगरा व मैनपुरी में सुधार लाने के निर्देश दिए। परिवार नियोजन में मण्डल के चारों जिले सी ग्रेड में रहे। आयुक्त महोदय ने मुख्य विकास अधिकारियों को प्रगति में सुधार लाने हेतु इसी माह में प्रयास करने के निर्देश दिए। पंचायती राज की समीक्षा में निर्देश दिए कि 15वां और 5वां वित्त आयोग की योजना में धनराशि खर्च की उपयोगिता पर लगातार प्रयास किया जाए। पीडब्लूडी में नई सड़कों के निर्माण में मथुरा जनपद में चल रहे कार्यों को ससमय व गुणवत्तापूर्ण कर रैकिंग में सुधार लाया जाए। सीमए सामूहिक विवाह योजना की तैयारी पूरी कर ली जाए। निर्माण कार्य में आगरा जनपद में चल रहे सभी निर्माण कार्यों को पूर्ण कर रैकिंग सुधार लाने के निर्देश दिए।
पशुपालन विभाग की समीक्षा की गयी। अवगत कराया गया कि आगरा में अक्टूबर माह के अंत तक पांच वृहद गौसंरक्षण केन्द्र का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। फिरोजाबाद में भी एक केन्द्र का ससमय निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। मथुरा में बने सभी अस्थायी गौ आश्रय स्थलों में शेड विस्तारीकरण किया जाए। आयुक्त महोदय ने निर्देश दिए कि मानसून खत्म होने की ओर से इसलिए चारों जिलों में मुख्य विकास अधिकारी अपने स्तर से सभी गौ संरक्षण केन्द्र व आश्रय स्थलों की जांच करा लें। सभी कमियों को सुधार लिया जाए। समुचित सफाई करा दी जाए, भूसा-चारे पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे। एक सप्ताह बाद मण्डलीय अधिकारी द्वारा सभी गौशालाओं की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

पंचायती राज की समीक्षा में अवगत कराया गया कि पूरे आगरा मण्डल में 3127 माॅडल ग्राम घोषित हो चुके हैं, 33 अवशेष हैं। सभी घोषित माॅडल ग्रामों के सत्यापन कराये जाने के निर्देश दिए। जन सेवा केन्द्र को जारी रखने तथा आय बढ़ाने के निर्देश दिए। चारों जिलों में जल्द ही पंचायत सहायकों की भर्ती की जाए। आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत ग्रामीण क्षेत्रों में एक अभियान चलाकर समुचित सफाई कराये जाने एवं सड़क किनारे कूड़े के ढ़ेर को समाप्त करने तथा लोगों को खुले में कूड़ा फेंकने से रोकने हेतु प्रवर्तन की कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए। खुले में कूड़े के ढ़ेर न लगे इस हेतु स्थायी समाधान करने को कहा। मण्डल में अवशेष 26 परिषदीय विद्यालयों को बाउण्ड्रीवाॅल निर्माण से संतृप्त किया जाए। फर्नीचर पैरामीटर्स में भी सभी विद्यालयों को संतृप्त बनाए जाने के निर्देश दिए। सभी विद्यालयों में कक्षा एक से लेकर 8 तक में 573045 छात्रों का नामांकन हो चुका है। नामांकन की प्रक्रिया जारी रखने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में निर्देश दिए गये कि 17 सितबंर से सीएमओ स्तर पर आयुष्मान कार्ड बनाए जाने हेतु चल रहे पखवाड़े के अन्तर्गत सभी क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएं, घर-घर आशाओं को भेजकर ऐसे परिवारों को चिन्हित किया जाए जिनके परिवार में एक भी गोल्डन कार्ड नहीं बने हैं, उन्हें शिविरों तक लाकर पंजीकरण कराया जाए। सीनियर सिटीजन के गोल्डन कार्ड बनाए जाएं। उपचारित लाभार्थियों को ससमय योजना का लाभ दिलाए जाने की स्थिति में सुधार लाया जाए, साथ ही आयुष्मान योजना में पंजीकृत अस्पतालों के अलावा अन्य अच्छे अस्पतालों को भी चिन्हित कर पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना में शामिल किया जाए।

पीएम सूर्य घर योजना एवं रूफ टाॅप सोलर एनर्जी को लेकर मंडलायुक्त ने धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की, जिलाधिकारियों को अलग से बैठक करने तथा ज्यादा से ज्यादा सोलर प्लांट स्थापित किए जाने की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों से आग्रह किया कि सभी अपने आवास की छतों पर सोलर प्लांट स्थापित कराएं। कृषि विभाग में किसानों का पंजीकरण होता रहे। आलू की खेती के दृष्टिगत आगामी माह में डीएपी की बढ़ती मांग को देखते हुए चारों जिलों में मांग के अनुसार डीएपी की उपलब्धता बनाये रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मण्डल में 50 करोड़ की लागत से ऊपर की योजनाओं की समीक्षा की गई। आगरा में ट्रांजिट हॉस्टल का निर्माण समय से पूर्ण कराए जाने के निर्देश दिए। मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे से पागल बाबा मंदिर तक 4 लेन निर्माण कार्य एवं यमुना नदी पर 2 लेन सेतु निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराने तथा वृदांवन परिक्रमा मार्ग पर सीवर निर्माण कार्य के साथ साथ मार्ग पर गंदगी न करने एवं नियमित सफाई रखने के निर्देश दिए। मानसून खत्म होने के दृष्टिगत जल जीवन मिशन के अन्तर्गत आगरा, फिरोजाबाद और मथुरा में निर्माणाधीन कार्य में प्रगति लाए जाने के निर्देश दिए।

यूनीसेफ द्वारा आगरा मण्डल के चारो जिलों में चलाए जा रहे अभियान और कार्यों की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया गया। इसकी समीक्षा उपरांत आयुक्त महोदय द्वारा सीएमओ को निर्देश दिए गये कि आगरा सहित सभी एमओआईसी अपनी कोल्ड चैन की माॅनीटरिंग करें, कमियों को सुधारें। आशाओं का प्रशिक्षण पूर्ण कराया जाए। फिरोजाबाद में एक और मथुरा में चिन्हित किए गए तीन डिलीवरी प्वाइंट को पूर्ण सक्रिय बनाया जाए। अंत में आयुक्त महोदय ने आगरा और मथुरा में आई बाढ़ की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि बाढ़ग्रस्त इलाकों से पानी खत्म हो जाने के बाद वहां अभियान चलाकर साफ सफाई कराई जाए एवं चिकित्स टीम की तैनाती की जाए।
बैठक में जिलाधिकारी आगरा अरविंद मलप्पा बंगारी, जिलाधिकारी मैनपुरी अंजनी कुमार सिंह एवं जिलाधिकारी फिरोजाबाद रमेश रंजन, मुख्य विकास अधिकारी मथुरा मनीष मीना, मुख्य विकास अधिकारी मैनपुरी नेहा बंधु, मुख्य विकास अधिकारी फिरोजाबाद शत्रोहन वैश्य एवं समस्त मंडलीय अधिकारी मौजूद रहे।




