
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल क्रीड़ा स्थल पर चल रही अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन T-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में आज एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी बालेन्द्र पाल के नेतृत्व में आयोजित इस मैच में वाणिज्य विभाग ने कार्मिक विभाग को 6 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वाणिज्य विभाग ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। टीम की ओर से अमित राज ने 63 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि कफिल अहमद ने 50 रन और विनय व संतोष ने क्रमशः 22 व 17 रन का योगदान दिया। जवाब में 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कार्मिक विभाग की टीम 181 रन पर सिमट गई।
टीम की ओर से सुनील वर्मा ने 91 रनों की दमदार पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। अनिल श्रीवास्तव (36 रन) और राहुल (20 रन) ने भी योगदान दिया। गेंदबाजी में वाणिज्य विभाग के संतोष ने 3 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। शानदार प्रदर्शन के लिए अमित राज को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव सिंह द्वारा प्रदान किया गया।





