
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: जिस मांग ने बरसों तक गांव–गांव के लोगों को सड़क पर उतारा, जिस मुद्दे पर चुनाव में वोट का बहिष्कार हुआ, और जिस सपने को पूरा करने का वादा सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने किया था — आखिरकार उस सपने को साकार कर दिया गया है।
विजयगढ़–सासनी मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण अब केवल सपना नहीं, हकीकत बनने जा रहा है।
13 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लिए 2370.98 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही कार्य प्रारंभ होगा और टूटी–फूटी सड़क की जगह अब चिकनी-चमचमाती सड़क दौड़ेगी।
कहा जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कई बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। लगातार दबाव और प्रयास के बाद यह मंजूरी संभव हो सकी। चुनाव के समय जब ग्रामीणों ने सड़क न बनने पर बहिष्कार किया था, तभी अंजुला माहौर ने ऐलान किया था— “जीत मिली तो सबसे पहले इस सड़क को बनवाऊंगी।” आज वही वादा उनके सिर का ताज बन गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि अब विकास की असली गूंज सुनाई दे रही है। सड़क बनने से न सिर्फ यातायात सुगम होगा बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच भी आसान हो जाएगी।
अब देखना यह होगा कि चुनावी वादा पूरा होने के बाद हाथरस की सियासत में अंजुला माहौर का कद कितना और बढ़ता है।




