
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। लखनऊ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर एक यात्री के साथ दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न हो गई, किंतु रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। गाड़ी संख्या 15904 चंडीगढ़-डिब्रुगढ़ एक्सप्रेस में चढ़ते समय यात्री विक्रम सिंह S/o बरसाती , निवासी जिला गोरखपुर का पैर अचानक फिसल गया, जिसके कारण वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच से नीचे ट्रैक पर गिर गए। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात SSE/TXR, अनिल यादव ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए घटना की सूचना Dy. SS Commercial एवं आउटडोर स्टेशन मास्टर श्री ए. पी. सिंह को तुरंत सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी तथा वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता और समन्वय के साथ संयुक्त रूप से राहत कार्य शुरू किया और सावधानीपूर्वक यात्री को ट्रेन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद स्टेशन पर 24×7 उपलब्ध इमरजेंसी मेडिकल टीम द्वारा यात्री को तुरंत प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया तथा आगे के उपचार हेतु उन्हें एम्बुलेंस द्वारा बलरामपुर अस्पताल, लखनऊ भेज दिया गया।रेलवे प्रशासन द्वारा सभी कर्मचारियों की सतर्कता, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की गई है। उत्तर रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा यात्रियों से भी अपील करता है कि वे ट्रेन में चढ़ते-उतरते समय पूरी सावधानी बरतें।



