
समाचार टूडे वाराणसी
वाराणसी।। गोरखपुर पूर्वोत्तर रेलवे के क्रिकेट खिलाड़ियों ने मुंबई में 23 से 31 मार्च तक आयोजित 69वीं ऑल इंडिया रेलवे क्रिकेट चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। फाइनल में पूर्वोत्तर रेलवे ने पश्चिम रेलवे, मुंबई को 90 रनों से हराया। पश्चिम रेलवे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का मौका पूर्वोत्तर रेलवे को दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने 50 ओवर में 240 रनों का स्कोर बनाया। कप्तान उपेंद्र यादव ने 110 रन की शतकीय पारी खेली, साहेब युवराज सिंह ने 51 रन का योगदान दिया, जबकि शुभम चौबे और रजत निर्वाल ने 27-27 रन बनाकर टीम का स्कोर मजबूत किया। पश्चिम रेलवे की ओर से वरूण ने 3 विकेट और सुरेन्द्र, जमशेद तथा विनायक ने 2-2 विकेट लिए।
जवाब में पश्चिम रेलवे की पूरी टीम 40 ओवर में 150 रन पर ही सिमट गई। हर्षल जाधव ने 42 रन बनाए, जबकि पूर्वोत्तर रेलवे के कृतज्ञ ने 4 विकेट लिए, विराट ने 2 और रजत एवं अंकित यादव ने 1-1 विकेट लिया। ज्ञात हो कि उपेंद्र यादव रणजी ट्रॉफी में भारतीय रेलवे सीनियर पुरुष टीम में चयनित हैं और उन्होंने भारतीय ‘ए’ टीम और आईपीएल में भी भाग लिया है। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, अपर महाप्रबंधक, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी, सहायक क्रीड़ाधिकारी और टीम कोच सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने खिलाड़ियों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी।




