
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। जी टी रोड महेशपुर में बन रहे सिक्स लेन बनाने की प्लानिंग में ही बड़ी खोट होने की शिकायत सुनकर बुधवार को महेशपुर की समस्याओं का निरीक्षण करने नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल दलबल के साथ पहुंचे। यहां लोगों ने उन्हें महेशपुर में एक भी सुरक्षित यू टर्न या कट ना होने की शिकायत की। लोगों ने बताया कि दो किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करके ही लोग सड़क के उस पार जा सकते हैं। महेशपुर जैसे अत्यंत घनी आबादी के हजारों लोगों को सड़क पार करने के लिए या तो बौलिया त्रिमुहानी से या फिर चांदपुर बांटा मोड़ जाकर सड़क पार करना होता है।
क्षेत्र के ट्रांसपोर्टरों का दर्द था कि सड़क पर सुरक्षित यु टर्न या कट के अभाव में सिक्स लेन की सड़क उनके लिए आफत साबित हो रही है।कहा कि यह विकास कार्य कम,विनाश कार्य ज्यादा लग रहा है।आरोप लगाया कि सिक्स लेन की प्लानिंग में खोट होने के कारण लगभग 25 हजार की आबादी बुरी तरह से परेशान है। महेशपुर में सड़क पार करने के लिए घूमने की जगह न होने पर उनके ट्रकों को गलत दिशा में सर्विस लेन सड़क के रास्ते चांदपुर बांटा मोड़ या फिर बौलिया त्रिमुहानी जाना मजबूरी है।
शिकायत किया कि सिक्स लेन सड़क निर्माण के लिए बेतरतीब तरीके से मेन सीवर लाइन तोड़ देने के कारण धोबी बस्ती,धर्मी नगर,हिन्द कान्वेंट कॉलोनी इत्यादि में जलनिकासी की लाइन चोक ले चुकी है। इस पर उन्होंने चांदपुर से महेशपुर तक पैदल चलकर निरीक्षण किया और विचार किया गया कि यदि महेशपुर में सड़क के दोनों तरफ की जल निकासी की लाइन गंगा सीवरेज एक्शन प्लांट के लाइन में मिला दिया जाए और नाथूपुर और मोढ़ेला की मेन सीवर लाइन को चांदपुर चौराहे पर मिला दिया जाए तो महेशपुर,चांदपुर,मोढ़ेला और नाथुपुर की जलनिकासी की समस्या का समाधान हो सकता है। इस दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कार्यदाई संस्था के मनमानी करने पर नाराजगी जताते हुए जमकर फटकार लगाई।
उन्होंने कहा कि ऐसा विकास कार्य किस काम का कि जनता परेशान हो जाए।उन्होंने पीडब्लूडी के सिक्स लेन प्रोजेक्ट के ब्लू प्रिंट का निरीक्षण भी किया। इस दौरान मंडुवाडीह वार्ड के पार्षद राजेश कन्नौजिया,जलकल के महाप्रबंधक संग पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन के के सिंह भी मौजूद रहे।





