
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का रौनाही टोल प्लाजा के पास भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। मिल्कीपुर के विधायक चंद्रभानु पासवान के नेतृत्व में आयोजित इस स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष को गदा भेंटकर सम्मानित किया गया, जो संगठन की शक्ति, परंपरा और सम्मान का प्रतीक रहा।
इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण और जयघोष के साथ प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। गदा भेंट किए जाने का दृश्य कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। इससे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह व ऊर्जा देखने को मिली।
विधायक चंद्रभानु पासवान ने कहा कि नव निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के नेतृत्व में भाजपा संगठन प्रदेश में और अधिक सशक्त होगा तथा जनकल्याण और विकास के कार्य नई ऊंचाइयों को छुएंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष ने स्वागत से अभिभूत होकर सभी कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।





