
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: यह दृश्य है चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर स्थित रामनगर कालोनी का, जहां भयभीत बुजुर्ग महिला गायों व अन्य छुट्टा जानवरों के भय से दूर से खड़े आवाज देकर घर तक जाने का रास्ता बनाने की गुहार किसी राहगीर से कर रही है।
गौरतलब है कि घोसियाना व आसपास के दूध बेचने के काम में लगे पशु मालिक इनका दूध दुहने के बाद इन्हें छुट्टा छोड़ देते हैं, जो आबादी में घूम घूम कर खाना खोजने के दौरान आपस में खूब हमला भी करते हैं। साथ ही आने जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों आदि के लिए भी खतरा बन चुके हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता विश्व प्रकाश “रूपन” व जय आहूजा ने शहरी क्षेत्र में घूम घूम कर अचानक से हमला कर रहे एसे छुट्टा जानवरों से निजात दिलाने का अनुरोध नगर आयुक्त व महापौर अयोध्या गिरीश पति त्रिपाठी से किया है।
गौरतलब तथ्य है कि रामनगर कालोनी में नित्य प्रतिदिन आरती चल रही है और कुछ ही दिनों बाद बहुत वृहद स्तर पर पूज्य झूलेलाल चालीहा विजयोत्सव भी आयोजित होना है जिसमें हजारों सनातन प्रेमी भाग लेते हैं, एसे में यदि नगर निगम की उदासीनता से इन जानवरों के हमले में कोई अप्रिय घटना हो गई तो इसका जिम्मेदार नगर निगम ही होगा।





