
रिपोर्ट- प्रतीक वार्ष्णेय
सावन की पावन बेला… गंगाजल और शिवभक्ति का अनुपम संगम
रामघाट से निकलकर आस्था की डगर पर बढ़ते कदम… कांधे पर 151 लीटर की आस्था से भरी कांवड़
हाथरस। सावन मास की शुरुआत होते ही शिवभक्ति का उत्साह चरम पर है। शुक्रवार को हाथरस जनपद के जरेरा गांव में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का एक अनुपम दृश्य देखने को मिला, जब 22 युवाओं का कांवड़िया जत्था 151 लीटर गंगाजल लेकर रामघाट से यहां पहुंचा।
भीगी मिट्टी की सौंधी खुशबू, हर-हर महादेव के गगनभेदी जयकारे और कांवरियों के कदमों में थकान नहीं, बल्कि शिवधाम की ओर बढ़ते उत्साह का अदम्य जोश दिखाई दिया।
जत्थे में शामिल दीपक नामक कांवरिया ने बताया कि उन्होंने यह पवित्र कांवड़ रामघाट से उठाई है और अब उनका लक्ष्य है – फिरोजाबाद स्थित शिवधाम। उन्होंने बताया कि यह यात्रा लगभग 6 दिनों में पूरी होगी।
जरेरा पहुंचने पर जत्थे ने कुछ देर विश्राम किया, जलपान किया और फिर से भोलेनाथ के जयकारों के साथ अगले पड़ाव की ओर रवाना हो गए।
ना धूप की परवाह, ना बारिश का डर, ना ही थकान की चिंता… कांधे पर गंगाजल से भरी कांवड़ और दिल में भोलेनाथ का नाम लिए ये भक्त सावन की भक्ति को जीवंत कर रहे हैं।
सावन की यह यात्रा केवल एक सफर नहीं, बल्कि यह है अटूट विश्वास, समर्पण और शिवभक्ति की एक सजीव मिसाल।





