
- रिपोर्ट: अमित कुमार
खंडासा: अयोध्या जनपद के खण्डासा थाना क्षेत्र में दबंगों ने एक परिवार के घर में घुसकर महिलाओं से मारपीट की। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि जब वे स्थानीय पुलिस चौकी पहुंचे, तो चौकी इंचार्ज ने कार्रवाई करने के बजाय उन्हें भगा दिया। परिवार ने पुलिस पर दबंगों से मिलीभगत का आरोप भी लगाया है। घटना मंगलवार की रात की है खण्डासा बाजार में बद्री प्रसाद पुत्र शिवकुमार कौशल के घर पर हुई।
आरोप है कि गांव के देवकीनंदन अपने बेटों अंकित, सत्यम और अंकुर के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर वहां पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और देवकीनंदन ने अपने बेटों को घर में घुसकर मारपीट करने के लिए उकसाया। हमलावर घर में घुस गए और लाठी-डंडों से परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया।

इस मारपीट में शिकायतकर्ता की मां शांति देवी और भाभी राजकुमारी को गंभीर चोटें आई हैं। जब पीड़ित ने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने उनका मोबाइल तोड़ दिया। आरोप है कि अंकित कौशल ने शिकायतकर्ता की पत्नी के गले से मंगलसूत्र भी छीन लिया। शोर सुनकर हमलावर छत पर चढ़ गए और पड़ोसी सर्वेश मिश्रा के घर की छत से कूदकर भाग निकले। भागते समय उन्होंने जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़ित परिवार ने अपने शिकायती पत्र में बताया है कि घटना का फुटेज पास के पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में उपलब्ध हो सकता है। इस मामले पर थाना खण्डासा के प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सोनकर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका सीयूजी नंबर नेटवर्क क्षेत्र से बाहर होने के कारण उनसे बात नहीं हो पाई।




