
- रिपोर्ट: अमित कुमार
लखनऊ: 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्म ‘अजेय: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ ए योगी’ को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वास्तविक जीवन पर आधारित इस बायोपिक ने विवादों को जन्म दे दिया है। इस्लामिक देशों जैसे सऊदी अरब और कतर में इस फिल्म को बैन कर दिया गया है, जिसके बाद प्रोड्यूसर रितु मेंगी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान उन्होंने हिंदू समाज से अपील की कि फिल्म को अधिक से अधिक दर्शक देखें और इसे सुपरहिट बनाने में सहयोग करें। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अयोध्या के प्रतिष्ठित नागरिक, संत समुदाय और छात्र भी मौजूद रहे।
फिल्म शांतनु गुप्ता की किताब ‘द मॉन्क हू बिकेम चीफ मिनिस्टर’ पर प्रेरित है, जिसमें योगी आदित्यनाथ के बचपन से लेकर उत्तराखंड में साधु बनने और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने तक के सफर को दर्शाया गया है। मुख्य भूमिका में अनंत जोशी नजर आ रहे हैं, जबकि परेश रावल महंत अवैद्यनाथ की भूमिका में हैं। प्रोड्यूसर रितु मेंगी ने कहा, “फिल्म दिलों में जगह बनाएगी। बैन के बावजूद हम दर्शकों से अपील करते हैं कि सच्चाई को सलाम करें।”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपस्थित अयोध्या के संतों और छात्रों ने फिल्म का समर्थन किया। एक संत ने कहा, “यह फिल्म हिंदू हृदय सम्राट योगी जी के संघर्ष की कहानी है, जिसे हर हिंदू को देखना चाहिए।” बैन के कारणों पर प्रोड्यूसर ने स्पष्ट नहीं किया, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की धार्मिक और राजनीतिक संवेदनशीलता को लेकर विदेशी देशों ने इसे प्रतिबंधित किया है।
फिल्म को भारत में सीबीएफसी से सर्टिफिकेशन मिलने में भी देरी हुई थी, जिस पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने हस्तक्षेप किया। अब 19 सितंबर को रिलीज के साथ ही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने की उम्मीद है।




