
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के उपलक्ष्य में काशी और मथुरा के मध्य सनातन सांस्कृतिक समन्वय की गौरवशाली परंपरा को सुदृढ़ करते हुए सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा एक विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर मथुरा स्थित श्री कृष्ण जन्मस्थली मंदिर न्यास से पधारे सम्मानित प्रतिनिधियों ने भगवान श्री विश्वेश्वर के लिए पावन उपहार काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास को समर्पित किए।
विधिवत मंत्रोच्चार, डमरू और शंखनाद के बीच यह आध्यात्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुआ, जिसमें काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने श्रद्धा और सम्मान के साथ मथुरा से प्राप्त भेंट को स्वीकार किया। इसके उपरांत, काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से भगवान श्री विश्वेश्वर को अवलोकित कराए गए पावन उपहार मथुरा श्री कृष्ण जन्मस्थली मंदिर न्यास के प्रतिनिधियों को भेंट स्वरूप प्रदान किए गए।मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा मथुरा से पधारे लड्डू गोपाल के प्रतिनिधियों को भगवान विश्वेश्वर की ओर से विधिपूर्वक दक्षिणा, प्रसाद एवं सम्मान अर्पित करते हुए सादर प्रणाम किया गया और उन्हें श्रद्धापूर्वक विदा किया गया।
यह आयोजन सनातन परंपरा में निहित हरि–हर के शाश्वत संबंध का सजीव प्रतीक बनकर उभरा, जिसने काशी और मथुरा के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता को और अधिक प्रगाढ़ किया। श्रद्धालुओं के लिए यह अवसर भक्ति, समरसता और सनातन संस्कृति की अनुपम अनुभूति का माध्यम बना।श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने इस पावन अवसर पर श्री कृष्ण जन्मस्थली मंदिर न्यास के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए समस्त शिवभक्तों एवं कृष्णभक्त सनातन बंधुओं को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।




