
-होली भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मण्डल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ, सुनील कुमार वर्मा द्वारा 40 क्वार्टर रेलवे कॉलोनी स्थित सामुदायिक केन्द्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान केन्द्र के अपग्रेडेशन (उन्नयन) कार्यों की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए, जिससे रेल कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। निरीक्षण के उपरांत मण्डल रेल प्रबंधक द्वारा कैबवे (मवैया की ओर) प्रस्तावित ऑडिटोरियम के निर्माण हेतु संभावित स्थान का अवलोकन किया गया। लखनऊ मंडल द्वारा ऑडिटोरियम निर्माण के लिए स्थान का सर्वे भी किया गया, जिससे भविष्य में यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों के लिए बेहतर सामुदायिक सुविधाएं विकसित की जा सकें। साथ ही कैबवे निर्माण के लिए स्थान चिन्हित करने का कार्य भी किया गया।
आगामी होली पर्व के मद्देनज़र यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए लखनऊ स्टेशन परिसर में लगभग 1200 यात्रियों की क्षमता वाला एक होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जिससे भीड़ प्रबंधन सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से किया जा सके।निरीक्षण के क्रम में मण्डल रेल प्रबंधक द्वारा लखनऊ स्टेशन पर ट्रेनों की सफाई व्यवस्था एवं यात्री सुविधाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्वच्छता मानकों, वॉशरूम की कार्यशीलता, पानी की उपलब्धता तथा ट्रेनों में उपलब्ध कराई जा रही समग्र यात्री सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई। प्लेटफॉर्म संख्या 6 पर स्थित शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था का विशेष रूप से जायजा लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने वॉशरूम की स्वच्छता के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने पर बल देते हुए पर्यवेक्षकों को निर्धारित सफाई प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान ट्रेन संख्या 12232 चंडीगढ़–लखनऊ एक्सप्रेस, 13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस, ,15108 बनारस–लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस तथा 04603 के कोचों की साफ-सफाई, वॉशरूम की कार्यशीलता एवं जल उपलब्धता की विस्तृत जांच की गई।इसके अतिरिक्त स्टेशन परिसर में स्थित कैटरिंग स्टॉल पर ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था की जानकारी ली गई तथा डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।
मण्डल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं यात्रियों की सुविधा, स्वच्छता एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं, ताकि यात्रियों को बेहतर एवं संतोषजनक यात्रा अनुभव प्रदान किया जा सके।




