
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चौबेपुर महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जनपद प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस कड़ी में जिलाधिकारी सतेन्द्र कुमार ने सोमवार शाम को चौबेपुर थाना क्षेत्र स्थित महादेव कैंची धाम का निरीक्षण किया और यहाँ की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को महाशिवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि महाशिवरात्रि पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सुनिश्चित करने के लिए कहा कि मेले क्षेत्र में प्रकाश (लाइट), मोबाइल शौचालय, पेयजल की व्यवस्था (पानी की टंकी/टैंकर) तथा चिकित्सा सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध हों। साथ ही, उन्होंने एनडीआरएफ की टीमों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से त्वरित रूप से निपटा जा सके।
इस निरीक्षण के दौरान एसडीएम सदर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाराणसी, डीपीआरओ, अपर पुलिस आयुक्त, चौलापुर के बीडीओ, एडीओ पंचायत, प्रभारी आनंद सिंह, अंबेडकर नगर के अधिकारी तथा थाना प्रभारी चौबेपुर इंद्रेश कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।








