
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। बढ़ती ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने गुरुवार देर रात सिकरौल, परमानंदपुर और पाण्डेयपुर चौराहा स्थित रैन बसेरों एवं अस्थायी रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अलाव की स्थिति, रैन बसेरों की साफ-सफाई तथा वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं और यह ध्यान रखा जाए कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड के कारण खुले में रहने को मजबूर न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शीतलहर के दौरान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है कि हर जरूरतमंद को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा मच्छरों से बचाव के लिए एंटी लार्वा के नियमित छिड़काव के निर्देश भी दिए। साथ ही नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि रैन बसेरों में फैमिली और बच्चों के लिए अलग से रहने की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिल सके।
जिलाधिकारी ने जनसामान्य से भी अपील की कि यदि कहीं कोई व्यक्ति ठंड में परेशान या खुले में रह रहा हो, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
इस अवसर पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


