
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ: इंदिरा नगर ज़ोन-5 में मानस सिटी गेट के आगे स्थित उस भवन पर सवाल खड़े हो रहे हैं, जिसे पहले बेसमेंट और पहली मंज़िल के बाद शील किया गया था। यह शील अवर अभियंता इम्तियाज़ अली द्वारा की गई थी। अब इसी स्थल पर बेसमेंट सहित चार मंज़िला इमारत खड़ी होने से स्थानीय स्तर पर गंभीर चर्चा शुरू हो गई है।
मंडल आयुक्त और उपाध्यक्ष की फटकार के बावजूद राजधानी में अवैध निर्माणों को रोकने में प्रशासन की कार्रवाई प्रभावी साबित नहीं हो रही है। सूत्रों के अनुसार, शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में बिल्डरों द्वारा अनधिकृत निर्माण लगातार बढ़ रहे हैं।
मानस सिटी गेट के सामने बने इस निर्माण को लेकर शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बिना प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराए चार मंज़िला अपार्टमेंट तैयार कर लिया गया है। शिकायतों में यह भी कहा गया है कि पूर्व में शील की गई इमारत पर बिना शील हटे निर्माण जारी रहा।
शिकायतकर्ताओं ने कुछ अधिकारियों पर कार्रवाई न करने और उदासीनता बरतने के आरोप लगाए हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, और संबंधित अधिकारियों की ओर से इस मामले पर कोई बयान फिलहाल सामने नहीं आया है।
प्राधिकरण स्तर पर इस निर्माण की जांच की मांग तेज हो गई है, जबकि स्थानीय लोग अवैध निर्माण पर तत्काल रोक और ज़िम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


