
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। जौनपुर बदलापुर थाना क्षेत्र के बबुरा मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को हुए एक सड़क हादसे में बैंड पार्टी से लदी एक ट्रैक्टर और इनोवा कार के बीच टक्कर हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में मौके पर ही सक्षम पुत्र राजेश गौतम (उम्र लगभग 15 वर्ष) निवासी फत्तुपुर बदलापुर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी बदलापुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए सभी को जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया गया।घटना की जानकारी मिलते ही बदलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।





