
- रिपोर्ट: अमित कुमार
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के आदेश तथा जिलाधिकारी अयोध्या के निर्देशन में होली पर्व को देखते हुए जनपद में मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। गठित सचल दल ने निर्माण इकाइयों, री-लेबलर, पैकर, कोल्ड स्टोरेज, भंडारण इकाइयों, अस्थायी भट्ठियों और संबंधित मंडियों की विशेष कार्ययोजना बनाकर सघन निरीक्षण शुरू किया है।
खोया, खाद्य तेल, वनस्पति, घी, गुझिया, नमकीन, रंगीन कचरी, दूध, पनीर समेत अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए 19 फरवरी 2026 से 28 फरवरी 2026 तक बाजार में बिक रहे उत्पादों पर कड़ी निगरानी रखने और आवश्यकतानुसार प्रवर्तन कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है।

19 फरवरी 2026 को कुल तीन नमूने लिए गए। श्रीराम डेयरी से खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार साहू द्वारा खोया का एक नमूना और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनूप सिंह द्वारा मिश्रित दूध का एक नमूना संग्रहीत किया गया। वहीं मेसर्स सीरूमल एजेंसी से खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार सोनी ने डेयरी फन आइसक्रीम का एक नमूना लिया।
20 फरवरी 2026 को उपजिलाधिकारी सदर के नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पी.के. त्रिपाठी की उपस्थिति में कार्रवाई की गई। यादव डेयरी, पूरे हेसैन से मिश्रित दूध का एक नमूना, यादव स्वीट हाउस, उसरू बाईपास से पेड़ा का एक नमूना तथा छेना रसगुल्ला का एक नमूना लिया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य) के नेतृत्व में अवध दूध डेयरी एंड बेकर्स से पनीर का एक नमूना तथा दूबे मिष्ठान्न भंडार, रायबरेली रोड से खोया का एक नमूना संग्रहीत किया गया। साथ ही 20 किलोग्राम दूषित खोया (मूल्य 5400 रुपये) नष्ट कराया गया। हंस डेयरी से घी का एक नमूना लिया गया और 60 किलोग्राम दूषित पनीर (मूल्य 16,800 रुपये) नष्ट कराया गया। यश डेयरी से पनीर का एक नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, आगरा भेजा गया।
अब तक कुल 10 नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा चुका है तथा 80 किलोग्राम पनीर और खोया (कुल मूल्य 22,200 रुपये) नष्ट कराया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी होली पर्व पर आमजन को सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सघन अभियान आगे भी जारी रहेगा।





