
- रिपोर्ट: सुनील जायसवाल
सहारनपुर: झगड़े की सूचना पर पहुंची 112 पीआरवी टीम पर ग्रामीणों ने धक्का मुक्की करने के साथ है ईंट पत्थरों से हमला कर दिया। पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। सूचना पर कोतवाली बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तीतर बितर किया। पीआरवी टीम पर हमला करने वाले 9 नामजद और 5 -6 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना कोतवाली बेहट इलाके के गांव पिठौरी की है। 31 अगस्त की रात पिठौरी निवासी बिलाल उर्फ रिहान ने 112 पर सूचना दी कि दूसरे समुदाय के कुछ लोग उसके साथ मारपीट कर रहे है। सूचना मिलने पर पीआरवी – 0967 पर तैनात हैड कांस्टेबल विपिन कुमार हमराही उपेन्द्र यादव और चालक ईश्वरपाल के साथ गांव पिठौरी पहुंचे और झगड़ा करने पर उतारू रवि व सचिन को पकड़कर गाड़ी में बैठा लिया था।

इसी बीच काफी संख्या में लोग इकठ्ठा हो गए और पुलिस की गाड़ी को घेर लिया और जमकर हंगामा किया। इस दौरान लोगों ने पुलिस टीम पर ईंट पत्थर से हमला कर दिया जिससे ईंट लगने के कारण चालक ईश्वरपाल घायल हो गया। खबर मिलते ही कोतवाली बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तीतर बितर किया।
घटना को लेकर हैड कांस्टेबल विपिन कुमार की तहरीर के आधार पर सचिन व रवि पुत्रगण महावीर, मुकेश उर्फ छोटा, महावीर पुत्र संदल सिंह, विकास व आकाश पुत्रगण ऋषिपाल, सोयम पुत्र अरविंद, मन्नू पुत्र बोडा, लड्डू पुत्र राजकुमार व 5 – 6 अज्ञात निवासीगण पिठौरी के खिलाफ बीएनएस की धारा 191 (1), 191 (2), 191 (3), 190, 121 (1), 132, 352 तथा 351 (3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।





