
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: शहर की विनोद विहार कॉलोनी में स्थित यूपी पुलिस के रिटायर्ड सर्किल ऑफिसर (CO) के प्लॉट से नगर पालिका प्रशासन ने कोर्ट के आदेश पर कब्जा मुक्त कराते हुए बड़ा कदम उठाया है। वर्षों से चल रहे इस जमीन विवाद में न्यायालय के स्पष्ट निर्देश के बाद आखिरकार प्रशासन ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर कब्जा हटवाया।
जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड CO द्वारा विनोद विहार कॉलोनी में खरीदे गए प्लॉट पर कुछ दबंगों ने जबरन कब्जा कर लिया था। लंबे समय से न्याय की आस लगाए पीड़ित पूर्व अधिकारी ने इस संबंध में स्थानीय प्रशासन व न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था।

कोर्ट के निर्देश पर नगर पालिका की टीम मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंची और अवैध निर्माण को हटवाते हुए भूमि को खाली कराया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार का विरोध न हो, इसके लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई थी।

पीड़ित अधिकारी ने जिलाधिकारी से मिलकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश के बाद भी कब्जा करने वालों के हौसले बुलंद हैं, जिससे भविष्य में पुनः कब्जा किए जाने की आशंका बनी हुई है।

नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि आगे भी ऐसे मामलों में सख्त रवैया अपनाया जाएगा। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।

यह मामला न सिर्फ सरकारी आदेशों की अनदेखी पर सवाल उठाता है, बल्कि सेवानिवृत्त अधिकारियों को भी न्याय पाने के लिए कितनी मशक्कत करनी पड़ती है, इसका प्रमाण भी बन गया है।





