
वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ/वृंदावन, 26 जुलाई 2025
वृंदावन के प्रसिद्ध कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के लड़कियों को लेकर दिए गए विवादित बयान पर बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा। सोशल मीडिया से लेकर सड़कों तक विरोध के स्वर तेज़ हैं। अब इस पूरे मामले पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने कड़ा रुख अपनाते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है।
बबीता चौहान ने अनिरुद्धाचार्य के बयान को “महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला और समाज में गलत संदेश फैलाने वाला” करार दिया है। उन्होंने कहा,
“उन्होंने गंदी और घटिया भाषा का प्रयोग किया है। या तो उनमें बुद्धि नहीं है या उन्हें कम समय में मिली शोहरत ने उन्हें भ्रमित कर दिया है। विनाश काले विपरीत बुद्धि जैसी स्थिति प्रतीत होती है।”
राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “माफ़ी मांगने से अब काम नहीं चलेगा। इस बयान का संज्ञान लिया गया है और इन पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।”
इस विवाद के बाद विभिन्न महिला संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अनिरुद्धाचार्य के बयान की निंदा करते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने हाल ही में एक धार्मिक मंच से महिलाओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसका वीडियो वायरल होते ही देशभर में आक्रोश फैल गया।
अब देखना यह होगा कि राज्य सरकार और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है, क्योंकि मामला महिला सम्मान और सामाजिक मर्यादा से जुड़ा है।





