
- रिपोर्ट: पंकज झा
चंदौली। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के दिशा-निर्देश पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं जागरूकता को प्राथमिकता देते हुए अनारक्षित टिकटों की प्रामाणिकता से संबंधित विशेष अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक राजीव रंजन के निर्देश पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) के मुख्य भवन के पैसेंजर क्षेत्र में मंडल के वाणिज्य विभाग तथा स्काउट एवं गाइड सदस्यों द्वारा एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
इस प्रस्तुति के माध्यम से यात्रियों को अनारक्षित टिकटों की विशिष्ट सुरक्षा विशेषताओं, अधिकृत माध्यमों से टिकट प्राप्त करने की प्रक्रिया, तथा डिजिटल सत्यापन की सरलता के बारे में जानकारी दी गई। नाटक संवादात्मक एवं रोचक शैली में प्रस्तुत किया गया, जिससे यात्रियों को सहज रूप से यह समझाया जा सके कि वैध टिकट से यात्रा करना न केवल सुविधाजनक है, बल्कि यह यात्रा अनुभव को भी सुरक्षित बनाता है।
इस अवसर पर मंडल के सहायक वाणिज्य प्रबंधकों विजेंद्र कुमार तथा अरविंद कुमार द्वारा यात्रियों से प्रत्यक्ष संवाद भी किया गया। यात्रियों को सदैव अधिकृत माध्यमों यथा टिकट काउंटर, एटीवीएम, यूटीएस ऐप आदि से टिकट लेने तथा सदैव टिकट में अपनी यात्रा से संबंधित विवरण को जांच लेने के प्रति जागरूक किया गया।





