
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने अयोध्या के सिविल लाइन स्थित एक होटल सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में सुप्रीम कोर्ट द्वारा सभी कार्यरत शिक्षकों के लिए TET (शिक्षक पात्रता परीक्षा) अनिवार्य किए जाने के फैसले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हुए कहा कि सरकार को इस मामले में मजबूती से शिक्षकों का पक्ष रखना चाहिए था।
सांसद ने कहा कि 20-25 वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षक इस फैसले से परेशान और मानसिक रूप से विचलित हैं। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों तक बच्चों को पढ़ाने के बाद अब उन पर TET देने का दबाव डालना न्याय के खिलाफ है।
अवधेश प्रसाद ने सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का जिक्र करते हुए बताया कि शिक्षकों को दो अवसरों में TET परीक्षा पास करनी होगी, अन्यथा बर्खास्तगी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से पुनर्विचार याचिका दाखिल करने की मांग की और कहा कि ऐसे मामलों में सरकार को अपने शिक्षकों के हक और भविष्य की सुरक्षा के लिए मजबूती से खड़ा होना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षकों की वर्षों की सेवा, अनुभव और मेहनत को नज़रअंदाज़ कर निर्णय लेना उनके सम्मान और अस्तित्व पर सवाल खड़ा करता है।




