
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी सांसद अवधेश प्रसाद ने सपा कार्यालय पर तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की अखंडता एवं एकता बनाए रखने की कामना की।
मीडिया से बातचीत में सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा, “देश को आज़ादी दिलाने के लिए लाखों लोगों ने बलिदान दिया है। हमारे महापुरुषों ने इस देश को अपने खून से सींचा है।”
भाजपा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा, “आज देश में संविधान और लोकतंत्र पर खतरा मंडरा रहा है। ऐसे समय में हम सभी की जिम्मेदारी है कि मिलकर संविधान की रक्षा करें और गंगा-जमुनी तहज़ीब को बनाए रखें।”
इस कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री पवन पांडे, सपा जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव समेत कई अन्य नेता और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। तिरंगा फहराने के साथ ही कार्यक्रम में देशभक्ति के नारे गूंजे और आज़ादी के महानायकों को श्रद्धांजलि दी गई।





