
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: सोनभद्र महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत पूरे जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, महिला उत्पीड़न, साक्षरता और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर विशेष जानकारी दी गई। साथ ही स्कूल, कॉलेज, बाजार और गांवों में संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा, कानूनी अधिकारों और हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में बताया गया।
साइबर अपराधों को लेकर भी लोगों को सचेत करते हुए ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और OTP साझा न करने की सलाह दी गई। पुलिस ने आपात स्थिति में 112, महिला हेल्पलाइन 1090/1091, 181, साइबर हेल्पलाइन 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर संपर्क करने की अपील की।





