
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
सीतापुर जिले में कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही को भी बिजली संकट से जूझना पड़ा। उनके ही इलाके में पिछले 15 दिनों से ट्रांसफार्मर खराब पड़ा है, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप है। मंत्री ने बिजली विभाग के अधिकारियों से लेकर निगम के एमडी तक गुहार लगाई, लेकिन कहीं से कोई समाधान नहीं मिला।
मंत्री का आरोप है कि मध्यांचल विद्युत वितरण निगम की एमडी रिया केजरीवाल ने उनका फोन तक नहीं उठाया, जबकि उन्होंने कई बार संपर्क करने की कोशिश की। स्थानीय जेई (जूनियर इंजीनियर) ने भी लापरवाही भरा रवैया अपनाया और यहां तक कह दिया कि “खुद जाकर ट्रांसफार्मर उतरवा लीजिए।”
मजबूरी में मंत्री सुरेश राही ने खुद मौके पर पहुंचकर ट्रांसफार्मर उतरवाया, जिससे स्थानीय लोगों में भी बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश देखा गया। घटना ने सवाल खड़े कर दिए हैं कि जब एक मंत्री की बात नहीं सुनी जा रही, तो आम जनता की सुनवाई कैसे होती होगी?
यह मामला ब्यूरोक्रेसी और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय की कमी और बिजली विभाग की उदासीनता को उजागर करता है। ग्रामीणों ने भी विभाग के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





