
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
सीतापुर: सीतापुर रोड पर मनवा चौकी के पास स्थित रामेश्वरम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे का दुरुपयोग विज्ञापन के लिए किया जा रहा है। संस्थान ने तिरंगे के नीचे अपने नाम के साथ बैनर तैयार करवाए हैं, जिन्हें बांस और बल्लियों के सहारे कई स्थानों पर टांगा गया है।
कई जगहों पर तिरंगा फटने की स्थिति में पहुंच गया है, जिसके खिलाफ स्थानीय लोगों ने संस्थान से शिकायत की, लेकिन अभी तक इन बैनरों को हटाने की कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
आश्चर्य की बात यह है कि इन बैनरों के ठीक सामने मनवा पुलिस चौकी मौजूद है, फिर भी पुलिस ने इस मामले में कोई कदम नहीं उठाया है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के बावजूद न तो संस्थान और न ही प्रशासन कोई ठोस कार्रवाई कर रहा है।



