
- रिपोर्ट: राजीव आनन्द
सिद्धार्थनगर: जिले के समय माता थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब राप्ती नदी में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों के शव उतराते मिले। मृतकों की पहचान औरहवा गांव के बुढ़ईया टोले की रहने वाली 30 वर्षीय माया, 6 वर्षीय मोनिका और 2 वर्षीय शिवांस के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की गंभीरता से जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माया की शादी साल 2017 में बुढ़ईया गांव के सचिन चौहान से हुई थी। सचिन वर्तमान में गुड़गांव में काम करता है। माया अपने बच्चों के साथ गांव में ही रहती थी।
मायके पक्ष ने घटना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई ने कहा, “मेरी बहन की हत्या कर शवों को नदी में फेंका गया है। सास-ससुर और पति दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित करते थे।”
बताया जा रहा है कि बीते दिन माया की अपनी सास से एक कंबल को लेकर कहासुनी भी हुई थी, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया।
फिलहाल, समय माता थाना पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।





