
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या नगरी में संचालित तथाकथित ‘गोल्फ कार्ट’ वाहनों को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि शहर में ये वाहन बिना किसी वैध पंजीकरण और परिवहन विभाग की अनुमति के धड़ल्ले से संचालित किए जा रहे हैं, जिससे न केवल यातायात नियमों की अनदेखी हो रही है बल्कि आम नागरिकों और पर्यटकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है। वहीं एक स्थानीय होटल में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद शुक्ला ने आरोप लगाया है कि बिना अनुमति चल रहे इन गोल्फ कार्ट वाहनों के खिलाफ अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने कहा कि मोटरयान अधिनियम 1988 के तहत ऐसे अवैध वाहनों पर कार्रवाई का प्रावधान है, फिर भी जिम्मेदार विभाग आंख मूंदे हुए हैं।आरोप है कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के आसपास, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गोल्फ कार्ट का संचालन नियमों के विपरीत हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन वाहनों की वजह से कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और हाल के दिनों में एक व्यक्ति के पैर टूटने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं। युवा कांग्रेस नेता ने इस मामले में मुख्यमंत्री को शिकायत पत्र भेजकर मांग की है कि अयोध्या में संचालित सभी अवैध गोल्फ कार्ट वाहनों पर तत्काल रोक लगाई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।


