- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: सोनभद्र जिले में आदिवासी युवतियों के साथ नौकरी के बहाने शोषण और ठगी का मामला सामने आया है, जिसने प्रशासन और समाज दोनों को चौंका दिया है। आरोप है कि “काशी हरबोना एसोसिएट” नामक कंपनी ने युवतियों को वाराणसी बुलाकर लाखों रुपये ऐंठे और रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर हजारों रुपए वसूले। पीड़ितों ने बताया कि युवतियों को बंधक बनाकर काम कराया गया और जब उन्होंने वसूले गए पैसे वापस मांगने की कोशिश की, तो आरोपियों ने मारने की धमकी दी।
घटना से आक्रोशित पीड़ित युवतियों ने बभनी थाना क्षेत्र की सभी पीड़िताओं के साथ जिला मुख्यालय पहुंचकर एसपी को ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोग इस घटना को बेरहमी और संगठित ठगी का स्पष्ट उदाहरण बता रहे हैं।
पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी। इस सनसनीखेज मामले ने एक बार फिर नौकरी और रोजगार के नाम पर हो रही ठगी, शोषण और युवतियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन पर दबाव है कि वह दोषियों को खुली सजा दिलाए और भविष्य में ऐसे मामलों को रोकने के ठोस कदम उठाए।




