
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) न केवल लोको निर्माण के क्षेत्र में, बल्कि खेल जगत में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। इसी क्रम में बरेका बास्केटबॉल टीम के मुख्य कोच एवं मुख्य कार्यालय अधीक्षक संदीप यादव को उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल संघ द्वारा उत्तर प्रदेश सीनियर महिला बास्केटबॉल टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है।
संदीप यादव के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सीनियर महिला बास्केटबॉल टीम 4 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक चेन्नई (तमिलनाडु) में आयोजित 75वीं सीनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेगी। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी के लिए टीम का प्री-कोचिंग कैंप 18 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक आगरा में आयोजित किया जाएगा, जिसमें संदीप यादव खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे।
गौरतलब है कि संदीप यादव पूर्व में उत्तर प्रदेश पुरुष एवं महिला अंडर-23 बास्केटबॉल टीम के कोच के रूप में भी अपनी उल्लेखनीय सेवाएं दे चुके हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व से उत्तर प्रदेश की महिला टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
इस उपलब्धि से बरेका के खिलाड़ियों, अधिकारियों और खेल प्रेमियों में उत्साह और गर्व का माहौल है। यह नियुक्ति न केवल बरेका के लिए सम्मान की बात है, बल्कि संस्थान में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने वाली भी है।
बरेका के जनसंपर्क अधिकारी एवं बास्केटबॉल सचिव राजेश कुमार ने संदीप यादव को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और टीम की शानदार सफलता की कामना की है।


