
इस्लामाबाद: बॉलीवुड के ‘दबंग’ स्टार सलमान खान के एक हालिया बयान से पाकिस्तान में राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया है। सऊदी अरब में एक कार्यक्रम के दौरान सलमान खान द्वारा बलूचिस्तान को कथित रूप से “अलग देश” बताने पर शहबाज शरीफ सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। इस विवाद के बाद पाकिस्तान ने एकतरफा कदम उठाते हुए सलमान खान को ‘आतंकी’ घोषित कर दिया है।
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने एक आधिकारिक अधिसूचना जारी कर सलमान खान का नाम आतंकवाद रोधी अधिनियम (Anti-Terrorism Act) की चौथी सूची (Fourth Schedule) में डाल दिया है। इस सूची में उन लोगों को शामिल किया जाता है जिन पर कट्टरपंथी या आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने का संदेह होता है और जिनकी गतिविधियों पर सरकार कड़ी निगरानी रखती है।
गौरतलब है कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब सलमान खान ने सऊदी अरब में आयोजित एक फोरम के दौरान कहा था —
“ये बलूचिस्तान के लोग हैं, अफगानिस्तान के लोग हैं, पाकिस्तान के लोग हैं, हर कोई सऊदी अरब में मेहनत से काम कर रहा है।”
पाकिस्तान को सलमान का यह बयान नागवार गुजरा, क्योंकि उनके बोलने के अंदाज़ से ऐसा लगा जैसे वे बलूचिस्तान को पाकिस्तान से अलग इकाई के रूप में पेश कर रहे हों।
बलूचिस्तान लंबे समय से पाकिस्तान से अलग होने की मांग कर रहा है और पाकिस्तानी सेना पर वहां मानवाधिकार उल्लंघन के गंभीर आरोप लगते रहे हैं। यह इलाका प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद आर्थिक रूप से बेहद पिछड़ा है।
सलमान खान के इस बयान पर जहां पाकिस्तान भड़क उठा है, वहीं बलूच अलगाववादी संगठनों ने अभिनेता के प्रति आभार जताते हुए उनका समर्थन किया है।
फिलहाल, सलमान खान या उनके प्रतिनिधियों की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने यह बयान जानबूझकर दिया था या यह महज बातचीत के दौरान हुई एक अनजाने में चूक थी।




