
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज मण्डल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त श्री विजय प्रकाश पंडित के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल, प्रयागराज मंडल द्वारा महिला यात्रियों की सुरक्षा, सम्मान एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऑपरेशन ‘मेरी सहेली’ अभियान का सतत एवं प्रभावी संचालन किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य रेल यात्रा के दौरान अकेली यात्रा करने वाली महिलाओं, छात्राओं, वरिष्ठ नागरिक महिलाओं एवं अन्य जरूरतमंद महिला यात्रियों को सुरक्षा का भरोसा प्रदान करना तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है।
प्रयागराज मंडल के अंतर्गत प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल एवं अलीगढ़ स्टेशनों पर ‘मेरी सहेली’ टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों में रेलवे सुरक्षा बल की प्रशिक्षित महिला कर्मियों को सम्मिलित किया गया है, जो स्टेशनों एवं ट्रेनों में महिला यात्रियों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर उनकी यात्रा को सुरक्षित एवं सहज बनाने का कार्य कर रही हैं। टीम द्वारा महिला यात्रियों को यात्रा के दौरान सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी, हेल्पलाइन नंबर तथा आपात स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों के प्रति जागरूक किया जाता है।ऑपरेशन मेरी सहेली’ के अंतर्गत वर्ष 2025–26 में अब तक 4,08,087 महिला यात्रियों को इस अभियान के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है।
ये आंकड़े अभियान की प्रभावशीलता तथा महिला यात्रियों के बीच बढ़ते विश्वास को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं। इस दौरान महिला यात्रियों को विशेष रूप से रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 की जानकारी दी जाती है, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा, चोरी, उत्पीड़न अथवा अन्य आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त की जा सके।
इसके अतिरिक्त, लंबी दूरी की यात्रा कर रही महिला यात्रियों की जानकारी आगामी मंडल अथवा संबंधित रेलवे स्टेशनों को अग्रिम रूप से प्रेषित की जाती है, जिससे उनकी आगे की यात्रा के दौरान भी निरंतर सुरक्षा एवं सहयोग सुनिश्चित किया जा सके। यह समन्वय व्यवस्था महिला यात्रियों के लिए सुरक्षा की एक सतत कड़ी स्थापित करती है तथा उन्हें निर्भीक होकर यात्रा करने का आत्मविश्वास प्रदान करती है।रेलवे सुरक्षा बल, प्रयागराज द्वारा समय-समय पर जागरूकता अभियानों, स्टेशन घोषणाओं, पोस्टरों एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से महिला यात्रियों को सुरक्षा उपायों के प्रति सजग किया जा रहा है।
रेलवे सुरक्षा बल का यह प्रयास न केवल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सशक्त पहल है, बल्कि भारतीय रेल को सुरक्षित, भरोसेमंद एवं यात्री-अनुकूल बनाने की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।रेलवे सुरक्षा बल, प्रयागराज सभी महिला यात्रियों से अपील करता है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर निःसंकोच रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा निकटतम रेलवे सुरक्षा बल कर्मी से संपर्क करें। ‘मेरी सहेली’ टीम सदैव उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए तत्पर है।



