
समाचार टूडे वाराणसी
वाराणसी।। चन्दौली मिशन शक्ति अभियान-5.0 के द्वितीय चरण के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए जनपद स्तर पर “Run For Empowerment (मैराथन)” का भव्य आयोजन किया गया।
इस मैराथन में लगभग 200 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिसमें महिला और पुरुष आरक्षी, स्कूल छात्राएं, खिलाड़ी और एथलीट शामिल थे। दौड़ का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सकलडीहा स्नेहा तिवारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार ने हरी झंडी दिखाकर किया। प्रतिभागियों ने दौड़ के दौरान महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन नंबर और जागरूकता पम्पलेट वितरित किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पर प्रांजल यादव, द्वितीय पर प्रियांस यादव, तृतीय पर हर्ष चौहान और सहाना रहे। सृष्टि और महिका वन्दना को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सकलडीहा ने बताया कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति है। इसका उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाना और उनके अधिकारों के प्रति सजग करना है। कार्यक्रम के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की सुरक्षा सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, स्कूल छात्राएं, प्रशिक्षक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस मैराथन ने पूरे जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का सशक्त संदेश फैलाया।




