
- रिपोर्ट : अनुराग सिंह बिष्ट
दिल्ली के विजय विहार इलाके में 29 जून को हुई एक युवक की बेरहमी से हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस ब्लाइंड मर्डर केस में विजय विहार थाना पुलिस ने दो नाबालिगों समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लूटपाट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया था।
घटना का खुलासा:
डीसीपी रोहिणी राजीव रंजन के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में करण, आकाश, सुमित, राहुल शामिल हैं, जबकि दो आरोपी नाबालिग हैं।
29 जून को पुलिस को पीसीआर कॉल मिली थी जिसमें बताया गया था कि रोहिणी सेक्टर-5 स्थित महाराणा प्रताप पार्क के पास एक युवक का शव पड़ा है। शव पर चोट के निशान थे और उसके हाथ गमछे से बंधे हुए थे।
पुलिस ने तत्काल हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और एसएचओ अजय यादव के नेतृत्व में एक जांच टीम गठित की गई। स्थानीय इनपुट और पड़ताल के बाद मृतक की पहचान मनीष के रूप में हुई, जो गोरखपुर का रहने वाला था और दिल्ली में काम करता था।
कैसे पकड़ में आए आरोपी?
जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला—मृतक के फोन में किसी और का सिम एक्टिव था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और पूछताछ के जरिए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूलते हुए बताया कि उन्होंने मोबाइल, बैग और स्कूटी लूटने के इरादे से मनीष को निशाना बनाया था। जब मनीष ने खुद को बचाने की कोशिश की तो उन्होंने हाथ बांधकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

क्या मिला आरोपियों के पास से?
पुलिस ने आरोपियों के पास से मृतक का मोबाइल फोन, पर्स, बैग और अन्य सामान बरामद कर लिया है। डीसीपी राजीव रंजन ने बताया कि यह केस साबित करता है कि चाहे अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के लंबे हाथों से बच पाना असंभव है।
पुलिस की अपील:
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें ताकि समय रहते अपराध रोका जा सके।





