
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के बिजोलिया क्षेत्र में सीता कुंड जंगल से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक क्रूर मां ने अपने 15 से 20 दिन के नवजात शिशु की हत्या करने की कोशिश की। इस कलयुगी मां ने मासूम के मुंह में पत्थर ठूंसकर उसे फेवीक्विक से चिपकाया और फिर बच्चे को जंगल में पत्थरों के बीच फेंककर फरार हो गई।
इस अमानवीय घटना का खुलासा तब हुआ, जब पास में बकरी चरा रहे बच्चों ने नवजात की कराहने की आवाज सुनी। बच्चों ने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बच्चे के मुंह से पत्थर निकाला और उसे बचाया। नवजात को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही बिजोलिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उस महिला की तलाश में जुटी है, जिसने इस घृणित कृत्य को अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बच्चा 15 से 20 दिन का है, और उसे जानबूझकर मृत्यु के मुंह में धकेलने की कोशिश की गई। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस घटना ने स्थानीय समुदाय में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है। लोगों ने इस क्रूरता की कड़े शब्दों में निंदा की है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है और समाज में ऐसी क्रूर मानसिकता पर सवाल उठाती है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को इस मामले से संबंधित कोई जानकारी हो, तो वह तुरंत पुलिस से संपर्क करे। जांच के बाद ही इस मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।



