
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी: प्रयागराज मंडल के डीएसए ग्राउंड पर अंतर मंडलीय रेलवे फुटबॉल लीग चैंपियनशिप-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक/प्रयागराज, रजनीश अग्रवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंडल क्रीड़ा अधिकारी सह मंडल वित्त प्रबंधक, शैलेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह के पश्चात पहला मुकाबला प्रयागराज मंडल एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीमों के मध्य खेला गया।
मैच में प्रयागराज मंडल की टीम ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन करते हुए रेलवे सुरक्षा बल की टीम को 5-0 से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। खिलाड़ियों ने अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इस मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राकेश यादव जूनियर को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
निर्णायक मंडल में कबीर खान, योगेश चंद एवं विवेक शामिल रहे, जिन्होंने निष्पक्ष एवं कुशल निर्णय के साथ मैच का संचालन किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल क्रीड़ा सचिव धर्मेंद्र कुमार निषाद एवं राकेश मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर सुरेश शर्मा, सुशील ओझा, राजेश कुमार, जफर आलम एवं अभिषेक सहित अन्य खिलाड़ी एवं खेल अधिकारी भी मंच पर उपस्थित रहे।





