
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज वाराणसी जं. रेलवे स्टेशन पर अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण स्टेशन निदेशक, वाराणसी,अर्पित गुप्ता एवं मंडल यांत्रिक अभियंता, दिवाकर वार्ष्णेय के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान दीपक सिंह, अग्निशामक अधिकारी, वाराणसी द्वारा रेलवे कर्मचारियों को आग लगने की संभावित परिस्थितियों, उनके कारणों तथा त्वरित नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही विभिन्न प्रकार के अग्निशामक यंत्रों के सही एवं सुरक्षित उपयोग की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
डेमो के माध्यम से आग बुझाने की प्रक्रिया को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया गया। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कर्मचारियों की दक्षता बढ़ती है तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित होती है।कार्यक्रम में रेलवे के विभिन्न विभागों के 90 से ज्यादा कर्मचारी उपस्थित रहे । सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।


