- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चोलापुर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों की एक बैठक गुरुवार को प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल सेठ की अध्यक्षता में चोलापुर बाजार में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से फर्रुखाबाद जनपद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र की चौकी बजाया से जुड़े प्रकरण पर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि फर्रुखाबाद में प्रदेश उपाध्यक्ष अंकुर श्रीवास्तव ने आरोप लगाया है कि चौकी इंचार्ज लक्ष्मीमान द्वारा स्थानीय व्यापारियों एवं दुकानदारों को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर धन उगाही जैसी उत्पीड़नात्मक कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में बीते 28 जनवरी 2028 को स्थानीय स्तर पर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देकर संबंधित चौकी इंचार्ज के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से व्यापारियों में रोष व्याप्त है।
बताया गया कि विरोध स्वरूप व्यापारियों ने मशाल जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद चौकी इंचार्ज द्वारा अंकुर श्रीवास्तव समेत सात अज्ञात व्यापारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराए जाने का आरोप भी लगाया गया। बैठक में वाराणसी के व्यापारियों ने सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजकर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया। बैठक में मुख्य रूप से रामकृष्ण श्रीवास्तव (जिला अध्यक्ष), नंदलाल जायसवाल, मुरारी लाल, बबऊ यादव, रमेशलाल, अशोक जायसवाल, प्रेम मोदनवाल, सुरेंद्र सिंह, चुन्नीलाल साहू, इष्ट तिवारी सहित जिला एवं प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित रहे।


