
- ज्ञानेश वर्मा / यूपी हेड
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी अब 1994 बैच के आईएएस अधिकारी पार्थ सारथी सेन शर्मा को सौंपी गई है। इससे पहले इस विभाग की जिम्मेदारी वरिष्ठ आईएएस दीपक कुमार के पास थी। सोमवार को पार्थ सारथी सेन शर्मा ने प्रमुख सचिव बेसिक शिक्षा विभाग के रूप में कार्यभार संभाला और बागडोर थामते ही अपने कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की।
समाचार टुडे 24 न्यूज़ के यूपी हेड ज्ञानेश वर्मा से खास बातचीत में प्रमुख सचिव ने कहा कि शिक्षा विभाग की सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी मेहनत और ईमानदारी के साथ किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की योजनाओं को बच्चों तक पहुंचाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। साथ ही यह चेतावनी भी दी कि विभाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पार्थ सारथी सेन शर्मा प्रशासनिक सेवाओं के साथ-साथ एक लेखक और फोटोग्राफर के रूप में भी जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक कई किताबें लिखी हैं और फोटोग्राफी में उत्कृष्ट योगदान के लिए भारत सरकार समेत कई संस्थाओं से पुरस्कार प्राप्त किए हैं।
शिक्षा जगत में उनकी सक्रियता और रचनात्मक सोच से यह उम्मीद की जा रही है कि यूपी बेसिक शिक्षा विभाग में नए आयाम स्थापित होंगे।




